Breaking News

हिमाचल के किन्नौर में हिमस्खलन में पांच जवान लापता एक सेना का जवान शहीद

किन्नौर जिले में भारत-चीन सीमा के साथ शिपकी ला में तैनात एक सेना के गश्ती दल के एक हिमस्खलन की चपेट में आने से बुधवार को सेना के एक जवान की मौत हो गई जबकि 5 सैनिकों का अभी तक कोई अता-पता नहीं है।।
सेना के सूत्रों के अनुसार, शिप्की ला के पास नामिया डोगरी में सैनिक गश्त कर रहे थे, जब एक हिमस्खलन हुआ।
पूह उपमंडल के एसडीएम शिव मोहन सिंह सैनी ने कहा  कि गश्त पर निकले सेना के छह जवान भारी हिमस्खलन में दब गए हैं। इनमें एक जवान की मौत हो गई है, जबकि 5 सैनिकों का अभी तक कोई अता-पता नहीं है।
शहीद जवान की पहचान हिमाचल के बिलासपुर के राकेश कुमार सुपुत्र के रूप में हुई है। हिमस्खलन की चपेट में आए अन्य पांच जवानों में तीन हिमाचल, एक जम्मू एवं एक दार्जिलिंग का बताया जा रहा है। जवानों के नाम का सेना अभी खुलासा नहीं कर रही है।

जानकारी के अनुसार चीन सीमा से सटे नमज्ञा पंचायत के डोगरी नाले के आसपास बुधवार सुबह भारतीय सेना के छह और आईटीबीपी के 10 जवान पेट्रोलिंग पर निकले थे। दोपहर लगभग 12 बजे डोगरी नाले में पहाड़ी से भारी हिमस्खलन हुआ।

संयुक्त पेट्रोलिंग कर रहे जवान इसकी चपेट में आ गए। सेना की टुकड़ी में शामिल सभी छह जवान बर्फ के नीचे दब गए। आनन-फानन में एक जवान राजेश कुमार को घायल अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

सेना के पांच अन्य जवान अभी तक लापता हैं। उनकी तलाश में आईटीबीपी, भारतीय सेना, जिला प्रशासन और पुलिस के करीब 150 लोग जुटे हुए हैं। बुधवार को दिन भर रेस्क्यू टीम लापता जवानों की तलाश में जुटी हुई है।शहीद हुए जवान को पूह स्थित आर्मी हेडक्वार्टर लाया जा रहा है। 

 मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किन्नौर जिले के नामज्ञा डोगरी में हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना के जवान की मौत पर शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सेना के जवानों को रेस्क्यू करने चलाए ऑपरेशन में हरसंभव सहायता उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने उपायुक्त किन्नौर को सेना और आईटीबीपी प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

No comments