अनुराग ठाकुर बने मोदी सरकार में मंत्री, लगातार चौथी बार चुनाव जीतने पर मिला इनाम
हमीरपुर के भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर मोदी सरकार में मंत्री बने हैं। उन्होंने गुरुवार को नई दिल्ली में हुए समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। पिछली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में हिमाचल से जेपी नड्डा केंद्रीय मंत्री थे और इस बार अनुराग ठाकुर को राज्य मंत्री बनाया गया है।
इस तरह से मोदी मंत्रिमंडल में हिमाचल का चेहरा और स्थान दोनों बेशक बदले हों, मगर हिमाचल को फिर तरजीह मिली है। गुरुवार को अनुराग ठाकुर ने नई दिल्ली में रात पौने नौ बजे राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।
बिलासपुर रैली में अनुराग को बड़ा नेता बनाने का संकेत अमित शाह ने भी दे दिया था। इससे यह तय माना जा रहा था कि अनुराग ठाकुर को मंत्री बनाया जाएगा।
अनुराग के नाम ये उपलब्धियां
सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अनुराग ठाकुर को फोन कर पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने को कहा। उन्हें शपथ समारोह के लिए तैयार रहने को भी कहा गया।
यह मालूम रहे कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पुत्र अनुराग ठाकुर पिछली मोदी सरकार में लोकसभा में मुख्य सचेतक बनाए गए थे। उन्होंने लगातार चौथी बार लोकसभा का चुनाव जीता है।
अनुराग भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बीसीसीआई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का भी अवार्ड मिल चुका है। वह क्रिकेट के रास्ते राजनीति में आगे बढ़े। अनुराग वर्तमान में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं
पिता प्रेम कुमार धूमल के मुख्यमंत्री बनने पर खाली हुई सीट के उपचुनाव में अनुराग ने पहली बार जीत दर्ज की थी। दरअसल, हमीरपुर सीट से भाजपा के टिकट पर जीत की हैट्रिक लगाने वाले पूर्व सांसद सुरेश चंदेल को ऑपरेशन दुर्योधन में अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी थी।
उनके इस्तीफे के बाद वर्ष 2007 में उपचुनाव हुआ, जिसमें धूमल ने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की, लेकिन वर्ष 2008 में विधानसभा चुनाव के बाद धूमल दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने और लोकसभा की कुर्सी छोड़नी पड़ी
वर्ष 2008 में हुए उपचुनाव में अनुराग ठाकुर पहली बार जीते। इसके बाद 2009, 2014 और अब वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अनुराग ने चौथी बार जीत हासिल की।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शीला धूमल के घर समीरपुर जिला हमीरपुर में 24 अक्तूबर, 1974 को जन्मे अनुराग ठाकुर वर्तमान में 17वीं लोकसभा में सांसद निर्वाचित हुए हैं।
इससे पूर्व वह 16वीं लोकसभा में चीफ व्हिप रह चुके हैं। अनुराग ठाकुर की स्कूल और कॉलेज स्तर की शिक्षा जालंधर (पंजाब) के डोभा स्थित डीएवी स्कूल और कॉलेज में हुई है
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने पर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार चार बार चुने गए सांसद अनुराग ठाकुर को बधाई दी। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह प्रदेश के लिए अत्यन्त गौरव की बात है कि प्रदेश के एक युवा नेता को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि केंद्र सरकार में उनके प्रतिनिधित्व से प्रदेश लाभान्वित होगा। उन्होंने अनुराग ठाकुर के केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में एक शानदार और सफल कार्यकाल की कामना की
हमीरपुर में समर्थकों ने मिठाई बांटकर मनाई खुशी
पिछले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार रहे प्रेम कुमार धूमल के विधानसभा चुनाव हारने के बाद से निराश समर्थकाें में अनुराग की मोदी सरकार में ताजपोशी ने नई जान फूंक दी है। लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान के दौरान पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के अनुराग को बड़ा नेता बनाने के एलान के बाद से ही समर्थकाें में उत्साह था।
मोदी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में चुनावी जीत का चौका लगाने वाले अनुराग के शपथ लेते ही पूरे संसदीय क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई

No comments