Breaking News

खाने पर बहस और पत्नी ने लगाया फंदा


बद्दी स्थित निजी कालोनी में एक महिला ने रेलिंग से फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी में हुई नोंक-झोंक के बाद पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

 बिहार के श्रीरामपुर निवासी 21 वर्षीय पूजा शाह अपने पीछे छह महीने की दुधमुंही बच्ची को छोड़ गई है। पति बिट्टू का कहना है कि रात को खाने को लेकर उसकी पत्नी के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पूजा छत पर जाकर बैठ गई।


इसके बाद उसे बिट्टू रात को छत से बुलाकर कमरे में लाया और वे सो गए, लेकिन इसी बीच जब वह अलसुबह करीब छह बजे उठा, तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। उसने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया और जब छत पर पहुंचा, तो वहां उसकी बीवी फंदे से झूल रही थी। इनकी शादी करीब चार साल पहले ही हुई थी और अभी तीन महीने पहले ही वह पत्नी को लेकर बद्दी आया था।


बिट्टू बद्दी की एक धागा मिल में बतौर इलेक्ट्रिशियन कार्यरत है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल का रुख किया और शव कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस की शुरुआती पड़ताल में यह मामला आत्महत्या का ही सामने आ रहा है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस हर पहलू के मद्देनजर मामले की छानबीन कर रही है। एएसपी बद्दी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। इसके अलावा पुलिस हर पहलू को मद्देनजर रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है

No comments