Breaking News

मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 40 रन से दी मात, IPL 2019

मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 40 रनों से मात देकर उनका विजयरथ रोक दिया है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 136 रन बनाए और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को जीत के लिए 137 रनों का टारगेट दिया. जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 17.4 ओवर में 96 रन पर ढेर हो गई

सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 136 रनों पर ही रोक दिया. मुंबई इंडियंस के लिए कीरोन पोलार्ड ने सबसे ज्यादा 46 रनों की पारी खेली. पोलार्ड ने 26 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. पोलार्ड के अलावा क्विंटन डि कॉक ने 19 रन बनाए.

मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और चौथे ही ओवर में कप्तान रोहित शर्मा को मोहम्मद नबी ने दीपक हुड्डा के हाथों कैच आउट करा कर हैदराबाद को पहला सफलता दिलाई. रोहित 11 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद पांचवें ओवर में सूर्यकुमार यादव को संदीप शर्मा ने एलबीडब्ल्यू कर कर मुंबई इंडियंस को दूसरा झटका दे दिया. सूर्यकुमार यादव 7 रन बनाकर आउट हुए.

9वें ओवर में सिद्धार्थ कौल ने क्विंटन डि कॉक को दीपक हुड्डा के हाथों कैच आउट करा कर मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका दे दिया. डि कॉक 19 रन बनाकर आउट हुए. 12वें ओवर में सिद्धार्थ कौल ने क्रुणाल पंड्या को विकेट के पीछे जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच आउट करवा कर मुंबई इंडियंस को चौथा झटका दे दिया. क्रुणाल पंड्या 6 रन बनाकर आउट हुए. 13वें ओवर में विजय शंकर के थ्रो पर जॉनी बेयरस्टो ने ईशान किशन को रन आउट कर दिया.

ईशान किशन 17 रन बनाकर रन आउट हुए. 17वें ओवर में राशिद खान ने हार्दिक पंड्या को विजय शंकर के हाथों कैच आउट करा कर मुंबई को छठा झटका दे दिया. 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने राहुल चहर को जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच आउट करा कर मुंबई को सातवां झटका दे दिया.

मुंबई का इस स्कोर तक भी पहुंचना मुश्किल लग रहा था लेकिन कीरोन पोलार्ड ने अंत में 26 गेंदों पर नाबाद 46 रनों की पारी खेल मुंबई को यहां तक पहुंचने में मदद की. पोलार्ड के अलावा मुंबई का कोई और बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना सका ना ही विकेट पर टिक सका.

हैदराबाद ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी के लिए बुलाया. रोहित शर्मा (11) और क्विंटन डि कॉक (19) ने जिस तरह से शुरुआत की थी उससे लगा था कि मुंबई एक अच्छे स्कोर की ओर जाएगी, लेकिन जैसे ही पहला विकेट गिरा मुंबई ओवर दर ओवर बिखरती चली गई. हैदराबाद के लिए सिद्धार्थ कौल ने दो विकेट लिए. भुवनेश्वर कुमार , संदीप शर्मा, मोहम्मद नबी और राशिद खान को एक-एक सफलता मिली

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. हैदराबाद ने अपने अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया. मुंबई ने टीम में दो बदलाव किए हैं. युवराज सिंह की जगह ईशान किशन और लसिथ मलिंगा की जगह अल्जारी जोसेफ को अंतिम एकादश में शामिल किया है.

दोनों टीमें

मुंबई: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, राहुल चहर, जेसन बेहरेनडॉर्फ, अल्जारी जोसेफ और जसप्रीत बुमराह


हैदराबाद: भुवनेश्वर कुमार (कप्तान), डेविड वॉर्नर, जॉनी बेयरस्टो, मनीष पांडे, दीपक हुड्डा, मोहम्मद नबी, विजय शंकर, यूसुफ पठान, राशिद खान, संदीप शर्मा, सिद्धार्थ कौल.

No comments