Breaking News

निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के अध्यक्ष पर वसूली का आरोप, चुनाव आयोग से शिकायत, जांच के आदेश



निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के अध्यक्ष के खिलाफ बड़ा आरोप लगा है। चुनाव आयोग में की गई एक शिकायत में कहा गया है कि वह राज्य के निजी विश्वविद्यालयों से कांग्रेस के लिए चुनावी चंदा जुटा रहे हैं। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं

नियामक आयोग के अध्यक्ष केके कटोच को पिछली सरकार ने नियुक्ति दी थी। कटोच के खिलाफ हाल ही में चुनाव आयोग में ऊना और कांगड़ा निवासी दो व्यक्तियों ने शिकायत की है।

आरोप लगाया है कि कटोच लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को वित्तीय सहायता पहुंचाने के लिए निजी विश्वविद्यालयों के अलावा निजी कॉलेजों से भी चंदा वसूल रहे हैं। आरोप लगाया गया है कि कटोच अपने पद का दुरुपयोग कर संस्थानों को पैसा देने के लिए मजबूर कर रहे हैं।

दो अलग-अलग शिकायती पत्रों में नियामक आयोग के अध्यक्ष के खिलाफ संगीन आरोप लगने पर चुनाव आयोग ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने मामले में प्रमुख सचिव शिक्षा को शिकायत पर वस्तुस्थिति से अवगत कराने को कहा है। साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी शिमला को जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश जारी किए हैं

No comments