Breaking News

असली ‘भाभी जी’ के साथ शिमला की ठंडी वादियों में पहुंचे रोहिताश्व

टीवी सीरियल ‘भाभी जी घर पर हैं’ से देश भर में सुर्खियों में आए टीवी कलाकार रोहिताश्व सुदर्शन गौड़ इन दिनों असली भाभी जी यानी अपनी पत्नी डॉ. रेखा गौड़ के साथ शिमला आए हैं। प्रचंड गर्मी में वह हिल्स क्वीन शिमला की वादियों में घूमने का लुत्फ  उठा रहे हैं। पांच दिन के दौरे पर पत्नी के साथ शिमला आए रोहिताश्व ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन की नाट्य स्पर्धाओं में कलाकारों के हुनर को जज कर रहे हैं।

उनकी पत्नी डॉ. रेखा गौड़ इन स्पर्धाओं को कोऑर्डिनेट कर रही हैं। पूरे कार्यक्रम का जिम्मा उन्होंने खुद संभाला है। ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन वर्ष 1955 से कलाकारों के हुनर को तराशने का काम कर रही है। इस बार एसोसिएशन 64वीं नाट्य और नृत्य स्पर्धा करवा रही है।

एसोसिएशन के मंच से निकले हैं ये बड़े कलाकार


अमर उजाला से बातचीत में रोहिताश्व ने बताया कि यह एक शौकिया रंगमंच है। अनुराग बासु, राजकुमार हिरानी, अनुपम खेर और प्रेम चोपड़ा सरीखे कलाकार इसी एसोसिएशन के मंच से निकल कर नेशनल स्कूल ऑफ  ड्रामा तक पहुंचे और आज ये सितारे बुलंदी पर हैं

रोहिताश्व ने बताया कि वे कई सालों से शिमला आ रहे हैं लेकिन इस बार इंटरनेशनल समर फेस्टिवल यादगार बन गया। शिमला इंटरनेशनल समर फेस्टिवल में पहली बार उनकी एसोसिएशन के 400 से ज्यादा कलाकारों ने कार्निवाल में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है जो उन्हें ताउम्र याद रहेगी।

रोहिताश्व ने बताया कि राजकुमार हिरानी मुन्ना भाई एमबीबीएस थ्री की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। स्क्रिप्ट फाइनल होते ही वे इस फिल्म में एक बेहतर किरदार निभाते नजर आएंगे।

उन्होंने बताया कि भाभी जी घर पर हैं टीवी सीरियल की शूटिंग में वे इतने व्यस्त हैं कि बाकी किसी प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका ही नहीं मिलता। पांच दिन तक प्रसारित होने वाले इस डेली सोप की शूटिंग से ही उन्हें फुर्सत नहीं मिलती। इस सीरियल की वजह से उन्हें बहुत फेम मिल रहा है

No comments