Breaking News

पर्यटकों से भरी चलती कार पर गिरी चट्टान, चालक की मौत

चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर औट के संदली मोड़ के पास पर्यटकों से भरी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी पर पहाड़ी से अचानक एक चट्टान गिर गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार चंडीगढ़ के सैलानी बाल-बाल बच गए। चालक की पहचान मनोहर लाल पुत्र विक्रम निवासी घिरथोली, बैजनाथ (कांगड़ा) के रूप में हुई है


पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। रविवार देर शाम चंडीगढ़ के चार सैलानी मनाली घूमने के लिए जा रहे थे। इस दौरान शाम साढ़े पांच बजे के करीब उनकी गाड़ी औट के पास पहुंची तो संदली मोड़ पर पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान आ गिरी। चट्टान चालक की साइड गिरी जिससे मनोहर लाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चंडीगढ़ के चारों सैलानी सुरक्षित बच गए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। औट के तहसीलदार रमेश राणा ने बताया है कि नियमानुसार मृतक के परिजनों को राहत राशि दी जाएगी। मामले की पुष्टि औट थाना प्रभारी ललित महंत ने की है। कहा कि चलती कार पर एक चट्टान गिर गई जिसमें चालक की मौत हो गई है

No comments