Breaking News

पहले टेस्ट में टीम इंडिया की वेस्टइंडीज पर 318 रन की बड़ी जीत

उपकप्तान अजिंक्या रहाणे (102 रन) और हनुमा विहारी (93 रन) शानदार पारियों के बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (7 रन पर 5 विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी से भारत ने वेस्टइंडीज को पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन रविवार को अंतिम सत्र में 100 रन पर ढेर कर 318 रन से ऐतिहासिक जीत हासिल कर ली। भारत ने दूसरे सत्र में अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 343 रन पर घोषित कर मेजबान टीम के सामने 419 रन का बेहद मुश्किल लक्ष्य रख दिया था

 जिसका पीछा करते हुए विंडीज की टीम चायकाल तक अपने पांच विकेट मात्र 15 रन पर गंवाने के बाद उबर नहीं सकी और चायकाल के बाद 26.5 ओवर में 100 रन पर ढेर हो गई। भारत ने इस तरह विंडीज पर रन के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल कर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत की ओवरआल रन के लिहाज से यह चौथी सबसे बड़ी जीत है। बुमराह ने आठ ओवर में मात्र सात रन देकर पांच विकेट झटके और दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बाद वेस्टइंडीज के अपने पहले दौरे में एक पारी में पांच विकेट झटक लिए। पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले इशांत शर्मा ने 31 रन पर 3 विकेट और मोहम्मद शमी ने 13 रन पर दो विकेट निकाले। भारत ने विंडीज की दूसरी पारी 100 रन पर समेट दी।


एक जीत से तीन रिकार्ड


भारत की अपने टेस्ट इतिहास में यह चौथी सबसे बड़ी जीत, घर के बाहर सबसे बड़ी जीत और विंडीज के खिलाफ सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत की घर के बाहर रन के लिहाज से सबसे बड़ी जीत श्रीलंका के खिलाफ थी, जिसे भारत ने 2017 में गाले में 304 रन से हराया था।


जसप्रीत का रिकार्ड, सबसे कम रन देकर झटके पांच विकेट


25 साल के बुमराह ने एंटीगा टेस्ट में बड़ा कीर्तिमान हासिल किया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चौथे खिलाड़ी बन गए, तो भारतीय गेंदबाजों में सबसे ऊपर पहुंच गए। उन्होंने सबसे कम रन देकर एक पारी में पांच या फिर पांच से अधिक विकेट लेने के मामले में कीर्तिमान हासिल किया। बुमराह ने आठ ओवर में चार मेडन फेंके साथ ही सात रन देकर पांच विकेट चटकाए। ऐसा कारनामा इससे पहले वेंकटपति राजू ने किया था, जब उन्होंने 1990 में श्रीलंका के खिलाफ 12 रन देकर छह विकेट चटकाए थे। वहीं, विश्व स्तर पर बुमराह ऐसे चौथे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने कम रन देकर पांच या फिर पांच से अधिक विकेट झटके हो। पहले पायदान पर आस्ट्रेलिया के एर्नी टौशेक हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ ब्रिस्बेन में साल 1947 को दो रन देकर पांच विकेट चटकाए थे।

विराट ने की धोनी की बराबरी, तोड़ा गांगुली का रिकार्ड


भारतीय कप्तान विराट कोहली ने वेस्टइंडीज से पहला क्रिकेट टेस्ट मैच जीतने के साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी में सर्वाधिक 27 मैच जीतने के रिकार्ड की बराबरी कर ली और पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली का विदेशी जमीन पर सर्वाधिक मैच जीतने का रिकार्ड तोड़ दिया। भारत ने पहला टेस्ट 318 रन से जीतकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।


तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया के मुख्य खिलाड़ी


वेस्टइंडीज को पहले टेस्ट में 318 रनों के बड़े अंतर से हराने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने दूसरी पारी में महज सात देकर पांच विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की सराहना करते हुए कहा कि टेस्ट चैंपियनशिप में बुमराह टीम के मुख्य खिलाड़ी हैं।मैच के बाद विराट ने कहा कि इस मुकाबले में हमें काफी मेहनत करनी पड़ी। हालांकि दोनों पारियों में हमने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। हमें मैच के दौरान चार-पांच बार मुकाबले में वापस आने का मौका मिला

No comments