अनुराग के छोटे भाई अरुण धूमल चुने गए एचपीसीए के अध्यक्ष
केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर के छोटे भाई अरुण धूमल को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) का अध्यक्ष चुना गया है। एक ही नामांकन होने से उनका निर्विरोध चयन हुआ।
एचपीसीए की चुनाव अधिकारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी मनीषा नंदा ने शुक्रवार को अरुण धूमल को एचपीसीए के अध्यक्ष का प्रमाण पत्र सौंपा दिया है। बीसीसीआई की अंतिम मुहर लगती है तो अरुण धूमल एचपीसीए के पांचवें अध्यक्ष होंगे।
उपाध्यक्ष पद पर आरपी सिंह, सचिव सुमित कुमार शर्मा, सह सचिव अमिताभ शर्मा, कोषाध्यक्ष अवनीश परमार, मेंबर ऑफ काउंसिल विशाल शर्मा और चंद्र शेखर मेहता बनाए गए हैं।
करीब दो सालों बाद एचपीसीए अध्यक्ष चुना गया है। लोढा समिति की सिफारिशें लागू होने के बाद साल 2017 में अनुराग ठाकुर को बीसीसीआई और एचपीसीए का अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ा था। दो सालों से एचपीसीए को अंतरिम कमेटी संचालित कर रही थी।
लोढा समिति करेगी अंतिम फैसला
पूर्व सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनीषा नंदा की देखरेख में हुए एचपीसीए के चुनाव में भले ही अरुण धूमल को अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है, लेकिन इस पर अंतिम फैसला लोढा समिति लेगी।
कोर्ट के आदेशों के बाद बीसीसीआई का संचालन कर रही सीओए (कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन) देश भर की प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को चुनाव कर नई कार्यकारिणी का गठन कर रही है।
प्रदेश में चुनाव के बाद पदाधिकारियों की सूची बीसीसीआई की सीओए को जाएगी। सीओए चुनाव का पुनर्मूल्यांकन करने के बाद ही प्रदेश की कार्यकारिणियों को हरी झंडी देगी। पुनर्मूल्यांकन में समिति देखेगी कि चुनाव लोढा समिति की सिफारिशों के तहत हुए हैं कि नहीं।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट खिलाड़ी की है सिफारिश
लोढा समिति ने बीसीसीआई और प्रदेश की क्रिकेट एसोसिएशन में खिलाडि़यों को तवज्जो देने की सिफारिश की थी। फर्स्ट क्लास क्रिकेट खिलाडि़यों को प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशनों के संचालन की बागडोर देना समिति की सिफारिश में शामिल है। इसलिए इस नियुक्ति पर पेच फंस सकता है।
No comments