लालुवाल में दो दुकानों के ताले टूटे
क्षेत्र के निकटवर्ती गांव लालुवाल में शातिर दो दुकानों के ताले तोड़कर लाखों का सामान चोरी कर ले गए हैं। चोरी की वारदात से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित दुकानदारों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात लालुवाल गांव में शातिर एक सुनार की दुकान और दूसरी ब्यूटी पार्लर की दुकान से करीब डेढ़ लाख का सामान चोरी कर ले गए हैं। दुकान के मालिक दुलैहड़ निवासी विनय कुमार ने बताया कि सुबह करीब 5.30 पर उसे किसी का फोन आया कि उसकी दुकान में चोरी हुई है
इसके तुरंत बाद वह दुकान पर पहुंच गया। जब दुकान पर पहुंचा तो देखा की दुकान का शटर टूटा हुआ था और दुकान के अंदर का सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित विनय कुमार ने बताया कि उसका करीब एक लाख का नुकसान हुआ है।
इसके अलावा दूसरी दुकानदार रेणु बाला ने बताया कि शातिर उसके ब्यूटी पार्लर से 20 हजार की 3 मशीनों सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। उधर, डीएसपी हरोली अनिल कुमार का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित दुकानदारों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments