Breaking News

ट्रांसफार्मर जले, तूफान से मक्की तबाह 

जिलाभर में शुक्रवार को सुबह के समय हुई बारिश और तेज अंधड़ चलने से किसानों समेत बिजली बोर्ड को भारी नुकसान हुआ है। टाहलीवाल विद्युत उपमंडल के तहत बिजली गिरने से पांच ट्रांसफार्मर जल गए हैं। इसके अलावा एक बंद दुकान में बिजली से चलने वाली मूर्ति को आग लग गई।

hp news

 दुकानदार ने मुस्तैदी से आग पर काबू पा लिया। वहीं, कुछ दुकानों के आगे लगे ट्यूब समेत अन्य उपकरण भी जल गए हैं। जिससे दुकानदारों को भी काफी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बिजली गिरने से बाथू में कृषि सिंचाई योजना के लिए लगाया गया 400 केवी ट्रांसफार्मर, 250 केवी ट्रांसफार्मर टाहलीवाल बाजार में, 63 केवी ट्रांसफार्मर पीएनबी के समीप, 63 केवी विजय बेला में और 100 केवी ट्रांसफार्मर नंगलकलां में जलने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। 

वहीं, बाजार में एक स्पेयरपार्ट की बंद दुकान में बिजली से चलने वाली फोटो में आग लग गई। दुकान में धुआं निकलते देख साथ लगते दुकानदारों ने शटर खोल कर आग पर काबू पाया। इससे पीड़ित दुकानदार को भी नुकसान हुआ है।
दूसरी ओर उपतहसील जोल के तहत गांवों में बेमौसमी बरसात से मक्की की फसल को भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के गांव बेहलां, टकोली, चोली, भिड़ला, बडेराह, बही आदि गांवों में बीती रात भारी बारिश और तेज तूफान से मक्की की फसल को भारी नुकसान हुआ है। 

क्षेत्र के किसान किशन चंद, नानक चंद, बरिंदर कुमार, दविंद्र भोलू, नरेश कुमार, अशोक कुमार, गुरदास राम, बंता राम, रमेश चंद आदि किसानों का कहना है कि फसल पक कर पूरी तरह से तैयार थी और एक हफ्ते तक मक्की की कटाई शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन बेमौसमी बारिश के कारण मक्की की फसल काफी हद तक जमीन पर लेट गई। इस कारण काफी नुकसान हुआ।

 किसान नानक चंद का कहना है कि इतने महंगे बीज, खाद और ट्रैक्टर की बुआई के बाद किसान को आर्थिक हानि उठानी पड़ती है। पहले दिन में बंदर और रात को सुअरों से मक्की की फसल की रखवाली करते रहे, लेकिन अब अंतिम पड़ाव पर भारी बारिश और तूफान से मक्की की फसल बर्बाद हो गई।

 नुकसान का किया जा रहा है आकलन : सुरेश शर्मा 



वहीं, टाहलीवाल विद्युत उपमंडल के सहायक अभियंता सुरेश शर्मा ने बताया कि बिजली गिरने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और बिजली को शीघ्र ही बहाल करने के लिए कर्मचारी जुटे हुए हैं, लेकिन अनुमान के हिसाब से विद्युत विभाग को करीब 10 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। 

ब्लॉक स्तर पर बनाई जा रही रिपोर्ट : सुरेश कपूर 


कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेश कपूर ने कहा कि बारिश होने से मक्की और आलू की फसल को नुकसान हुआ है। इसकी जिसकी रिपोर्ट ब्लॉक स्तर पर बनाई जा रही है। इसके बाद ही जिला के आंकड़े बन पाएंगे।

No comments